(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक तेज रफ्तार का कहर सड़क से घर तक पहुंच गया। एक बेकाबू वैन ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी, फिर दो मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया और आखिर में एक घर में घुसकर पलट गई।
दरअसल मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के राजपुर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार वैन ने सड़क पर कहर बरपा दिया। बताया जा रहा है कि वैन ने पहले एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा। इसके बाद भी वैन नहीं रुकी और सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को कुचलते हुए एक घर में घुस कर पलट गई। हादसे में घर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।










