(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चंदनकियारी में करीब 1.22 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा खलिसा नदी पुल इन दिनों विकास की ऐसी तस्वीर दिखा रहा है, जिसे देखकर ग्रामीण भी सवाल पूछने को मजबूर हैं। पुल अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं हुआ और एप्रोच रोड का गार्डवाल भारी बारिश में धंसकर टूट गया। यानी सरकार की सड़क बनने से पहले ही उसकी मजबूती की परीक्षा हो गई।
घाघरी और कालियादाग गांव के समीप बन रहे इस पुल को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। सवाल यह है कि जब करोड़ों रुपये की योजनाओं की निगरानी कागजों पर इतनी मजबूत है, तो जमीन पर गार्डवाल इतनी जल्दी कैसे कमजोर पड़ गया ? इसे लेकर ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच, दोषी संवेदक और संबंधित अभियंता पर कार्रवाई तथा कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है। हालांकि गार्डवाल टूटने की असली वजह लगातार बारिश है या निर्माण की गुणवत्ता में कमी, यह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।








