(धीरज कुमार, संवाददाता, बक्सर)
बक्सर – बक्सर के व्यस्त गोला बाजार इलाके में मंगलवार देर रात अचानक एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। इस आगलगी में लगभग 30 लाख रूपए मूल्य के सामान जलकर खाक हो गए। वहीं घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
बताया गया कि यह घटना पोस्ट ऑफिस के ठीक सामने स्थित लल्लू केशरी की किराना दुकान में देर रात की है। दुकान से उठती तेज आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। तब तक दुकान पूरी तरह से खाक हो चुकी थी।








