(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - झारखंड के 24 जिलों में छात्रों के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान चार जिलों—गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़ और रांची में झड़प और छात्रों की पिटाई के आरोप ने सियासत गरमा दी है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों पर बरसी एक-एक लाठी का हिसाब देना होगा।
संजय सेठ ने सरकार की CID जांच को दिखावा बताते हुए पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्व IAS अधिकारी नीलिमा करकेटा को JPSC का अध्यक्ष बनाया गया था। उस समय उन्होंने भी पत्र के जरिए मुख्यमंत्री को मामले से अवगत कराया था, लेकिन सरकार ने उस पर कार्रवाई नहीं की।
वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए संजय सेठ ने कहा कि अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो झारखंड के छात्रों के लिए भी बोलें। उन्होंने राहुल गांधी को रांची आकर अस्पतालों में भर्ती छात्रों का हाल देखने की बात कही।








