DUMKA: दुमका जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात एसआई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल बेतरह जख्मी हो गया। मृतक एसआई की शिनाख्त हेमन्त भगत के तौर पर की गई है। वहीं जख्मी कांस्टेबल की पहचान देवकी प्रजापति बताई जा रही है। यह घटना उस समय हुई जब दोनों पुलिसकर्मी दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराने में जुटे थे।
मिली जानकारी के अनुसार गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपसी टक्कर हो गई थी, जिसमें चालक और खलासी समेत चार लोग जख्मी हो गए थे। सभी जख्मियों को इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था। जख्मियों को अस्पताल पहुंचाने के बाद सब-इंस्पेक्टर हेमन्त सड़क को क्लीयर कराने के लिए दोबारा घटनास्थल पर लौटे थे।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो वाहन ने सड़क किनारे मौजूद एसआई हेमन्त भगत और कांस्टेबल देवकी प्रजापति को कुचल दिया। हादसे में एसआई हेमन्त भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।









