(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से एक सनसनीखेज अपहरण कांड सामने आया। जहां दिनदहाड़े दो युवकों का किडनैप कर बदमाशों ने परिवार से फिरौती मांग डाली। लेकिन पुलिस की तेजी और प्लानिंग के आगे अपराधियों की पूरी साजिश धरी की धरी रह गई।
घटना 9 मई की है। मदनपुर निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना पहुंचकर बताया कि उनका बेटा मनोहर कुमार और दामाद करण कुमार मेडिकल कॉलेज से दवा और रिपोर्ट लेकर घर लौट रहे थे। तभी कॉलेज चौक के पास दोनों को अगवा कर लिया गया। अपहरण के बाद अपराधियों ने दोनों युवकों के मोबाइल फोन से ही परिजनों को कॉल कर मोटी रकम की फिरौती मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक स्पेशल टीम बनाई गई। तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। इसी बीच अपराधियों ने परिजनों को फिरौती लेकर कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के पास बुलाया। पुलिस पहले से ही सादी वर्दी में मौके पर तैनात थी। जैसे ही एक बदमाश अपहृत करण कुमार को लेकर पैसे लेने पहुंचा, पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिरखी निवासी ज्योतिष कुमार के रूप में हुई। करण कुमार को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किरण पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान से दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को भी सकुशल बरामद कर लिया। मामले में शामिल दूसरा आरोपी सोनू कुमार भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक सोनू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी लूट और शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।










