रांची - राजधानी रांची में अब पाइप से घर-घर गैस पहुंचाने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में मोरहाबादी, हेहल, लालपुर, स्मार्ट सिटी, मेसरा समेत छह नए इलाकों में PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) की सप्लाई शुरू की जाएगी। इस योजना के शुरू होने से हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक अधिकांश लोग एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं, लेकिन PNG सेवा शुरू होने के बाद गैस बुकिंग और डिलीवरी के झंझट से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।
जानकारी के मुताबिक इन इलाकों में पाइपलाइन नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। कंपनी की ओर से पाइपलाइन बिछाने और घरेलू कनेक्शन देने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। जल्द ही लोगों को घरों में सीधे पाइप के जरिए गैस मिलने लगेगी।
गौरतलब हो कि PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) सीधे पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचाई जाती है। इसमें सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहती और बार-बार बुकिंग कराने की जरूरत भी नहीं पड़ती। इसे एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती माना जाता है। उपभोक्ताओं को इसके इस्तेमाल के अनुसार बिल देना होगा, जिससे गैस खर्च पर नियंत्रण रखना आसान होगा।









