धनबाद - प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने सोमवार को धनबाद के मूनिडीह स्थित कोल बेड मीथेन (CBM) ब्लॉक-1 परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें परियोजना में मीथेन गैस के निष्कर्षण की तकनीक, अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। तरुण कपूर ने मूनिडीह लॉन्गवॉल परियोजना का भी जायजा लिया। उन्होंने भूमिगत खनन में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और सुरक्षित एवं टिकाऊ तरीके से कोकिंग कोल उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
इससे पहले कोयला भवन में बीसीसीएल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कंपनी की उत्पादन क्षमता, कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच, खनन तकनीक, सुरक्षा व्यवस्था तथा वर्ष 2030-31 तक के उत्पादन लक्ष्यों की समीक्षा की गई। तरुण कपूर ने उपलब्ध संसाधनों के वैज्ञानिक एवं बेहतर उपयोग के साथ उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कुस्तौर क्षेत्र के ईना फायर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण किया और आग नियंत्रण, सुरक्षा तथा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों से बातचीत कर उनकी सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
दौरतलब हो कि तरुण कपूर का धनबाद और आसपास के क्षेत्रों का दो दिवसीय दौरा 31 अगस्त से 1 सितंबर तक निर्धारित है। दौरे के अगले चरण में वे बेलगढ़िया और करमाटांड़ पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण कर संशोधित झरिया मास्टर प्लान से जुड़े मामलों की समीक्षा करेंगे।








