चतरा - झारखंड के चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमें एक प्राइवेट गार्ड की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस बल के एक जवान पर गोली चलाने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी जवान से पूछताछ शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार दिन में एसपी आवास के सामने अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। गोली लगने से एक प्राइवेट गार्ड घायल होकर गिर पड़ा, आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।








