(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - साइबर थाना, रामगढ़ की पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी 24 वर्षीय मो. अस्फाक उर्फ मो. सलमान उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर, उनके नाम से सिम कार्ड लेकर धोखे से बैंक खाते और सिम का इस्तेमाल साइबर अपराध में करता था। इस मामले में पहले ही अबु तालिब और सरफराज उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया गया कि एसपी रामगढ़ के निर्देश पर गठित एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर 18 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 3 एटीएम कार्ड (दूसरे व्यक्तियों के नाम पर) और एक मोबाइल फोन (फर्जी सिम के साथ) बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।








