(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - झारखंड में मॉनसून के दौरान संभावित आपदा और आगामी श्रावणी मेले को देखते हुए NDRF ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। एनडीआरएफ की तीन विशेष टीमें राज्य के तीन प्रमुख स्थानों रांची, जमशेदपुर और देवघर में तैनात की जा रही हैं। इस संबंध में डिप्टी कमांडेंट विनय कुमार ने बताया कि सभी टीमें आधुनिक बचाव उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से पूरी तरह लैस हैं। ये टीमें बाढ़, जलभराव, नदी हादसों और अन्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहेंगी।
आगे उन्होंने कहा कि झारखंड की बरसाती नदियां, तेज बहाव और पथरीले जल स्रोतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति बनाई गई है। एनडीआरएफ के जवान ऐसे कठिन इलाकों में भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए प्रशिक्षित हैं।
श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन और मॉनसून के दौरान बढ़ने वाले जोखिम को देखते हुए एनडीआरएफ की यह तैनाती सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी।








