(आशीष प्रसाद, संवाददाता, रांची)
रांची - झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और 'छात्रों की गूंज' अभियान के संयोजक कुमार राजा ने प्रेस को संबोधित करते हुए झारखंड में 'छात्रों की गूंज' अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
इस दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि देशभर के छात्र-छात्राओं में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2014 से अब तक देश में 152 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, जिससे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। लेकिन अब तक किसी भी दोषी को कड़ी सजा नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। इस मुद्दे को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का काम किया है। इसी उद्देश्य से 'छात्रों की गूंज' अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, 'छात्रों की गूंज' अभियान के संयोजक कुमार राजा ने कहा कि इस अभियान के तहत हमारी तीन प्रमुख मांगें हैं— पेपर लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था, सभी परीक्षाओं और भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।








