रांची – झारखंड ने हॉकी के मैदान पर एक और गौरवशाली उपलब्धि हासिल की है। रांची जिले के हरदाग की रहने वाली नीतू कुमारी महतो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर के रूप में क्वालीफाई कर झारखंड की दूसरी महिला अंतर्राष्ट्रीय अंपायर बन गई हैं। नीतू कुमारी महतो आज जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से 6 जून तक आयोजित हो रहे U18 एशिया कप 2026 में अंपायरिंग के लिए रवाना हो गई हैं।
गौरतलब हो कि नीतू कुमारी का परिवार हॉकी से जुड़ा है। उनकी माता दुलारी टोपनो खुद राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रही हैं और वर्तमान में हुलंडू में कोच हैं। नीतू की प्राथमिक हॉकी कोच भी उनकी माता दुलारी टोपनो ही थीं। चार बहनों और एक भाई के परिवार में नीतू समेत चार सदस्य हॉकी खिलाड़ी हैं। दो बहनें कंचन कुमारी और रानी कुमारी तथा छोटा भाई विजय महतो भी हॉकी खेलते हैं। स्वयं नीतू कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
नीतू कुमारी महतो अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर बनने पर झारखंड हॉकी के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताते चलें कि इससे पहले झारखंड की पहली महिला अंतर्राष्ट्रीय हॉकी अंपायर आश्रिता लकड़ा थीं, जो वर्तमान में हॉकी झारखंड की कोषाध्यक्ष हैं।










