पाकुड़ - नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पाकुड़ नगर परिषद कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय धरने में भाजपा नेताओं ने दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर ईवीएम से अविलंब कराने की मांग उठाई। धरने में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निवास मंडल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की हालत बद से बदतर हो गई है। अधिकारियों की मनमानी से आम लोग परेशान हैं और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं। साथ ही कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने से केंद्र से मिलने वाले करोड़ों रुपये के अनुदान से राज्य वंचित हो रहा है।
वहीं धरना के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम से एक ज्ञापन नगर परिषद प्रशासक को सौंपा। मौके पर प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष संपा साहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









