पटना - पटना जिले के बाढ़ में गुरुवार की सुबह एक बड़ा नाव हादसा हो गया। दरअसल उमानाथ गंगा घाट से 14 लोगों को लेकर निकली एक नाव बीच नदी में पलट गई। हादसे के बाद 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल 3 शव बरामद किए गए हैं, लापता अन्य 4 लोगों की तलाश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ के थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, सीडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
बताया गया कि हादसे के बाद वहां मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी त्यागराजन और ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बिना सुरक्षा मानकों के चल रही नावों पर कार्रवाई करने की बात कही है।










