(प्रमोद खंडेलवाल, संवाददाता, हजारीबाग)
हजारीबाग - हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल ने अपने सांसद कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर प्रेस वार्ता आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने जनता के सामने अपने दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए अपनी उपलब्धियों की पुस्तिका का भी विमोचन किया।
सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि पिछले दो वर्षों में संसद में उनकी 96 प्रतिशत उपस्थिति रही। उन्होंने 211 प्रश्न उठाए और 31 महत्वपूर्ण बहसों में भाग लिया। उन्होंने रेलवे, सड़क, आवास, पेयजल, खेल, सामूहिक विवाह, धार्मिक स्थलों के विकास और सांसद निधि से कराए गए विकास कार्यों को अपनी प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में रेलवे सुविधाओं का विस्तार, नई ट्रेनों का परिचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, कुसुम योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया है। सांसद निधि से 196 विकास योजनाओं के लिए लगभग 9.80 करोड़ रुपये की अनुशंसा की गई है।
वहीं हजारीबाग एयरपोर्ट के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।








