(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - देश की शिक्षा व्यवस्था, लगातार हो रहे पेपर लीक, शिक्षा के निजीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और आंदोलनरत छात्र-युवाओं पर कार्रवाई के विरोध में सोमवार को बोकारो में भाकपा (माले) ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा माले के नेताओं ने आरोप लगाया गया कि 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र-युवाओं की आवाज को अनसुना किया गया। साथ ही शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और आंदोलनकारी छात्रों पर कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, सोनम वांगचुक की रिहाई, पेपर लीक और शिक्षा में भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक तथा आंदोलनरत छात्रों पर दमन बंद करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो देशव्यापी जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।








