(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - चास मुफस्सिल थाना इलाके में दहेज प्रताड़ना का मामला अब खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दामाद ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर ससुर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मामरकुदार स्थित कृष्ण पूजा भंडार निवासी गौतम कुमार मिश्रा से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब आठ वर्ष पहले अपनी बेटी की शादी झरिया निवासी राकेश कुमार मिश्रा से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राकेश कुमार मिश्रा अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहा है। परिवार लंबे समय से इस विवाद से परेशान था।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर आरोपी राकेश कुमार मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ मामरकुदार पहुंचा और पूर्व नियोजित तरीके से अपने ससुर गौतम कुमार मिश्रा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में गौतम मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।










