(आशीष प्रसाद, संवाददाता, रांची)
रांची - झारखंड युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत 'बेटर सिटीज' अभियान के अंतर्गत 'मेरा शहर, मेरा हक' मुहिम की शुरुआत की है। जिसे लेकर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर नगर निगम और शहरी निकायों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस अभियान के माध्यम से झारखंड के शहरी निकायों द्वारा दी जा रही नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत की निगरानी की जाएगी। साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, जलजमाव, खराब स्ट्रीट लाइटें, टूटी नाली-सड़कें और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से चिन्हित किया जाएगा। बताया गया कि इस अभियान में सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ सफाई कर्मियों की समस्याओं को भी शामिल किया गया है।








