(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी IMA और इंडियन डेंटल एसोसिएशन यानी IDA की संयुक्त बैठक उस वक्त गर्मा गई, जब जिले के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार के खिलाफ डॉक्टरों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया। आईएमए भवन में आयोजित इस बैठक में जिले भर के करीब 50 डॉक्टर शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र कुमार ने की।
बैठक में डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार निजी क्लीनिक और हॉस्पिटल संचालकों को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना था कि बिना किसी ठोस कारण के निजी अस्पतालों पर जाकर अभद्र व्यवहार किया जाता है और चिकित्सकों को मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार यादव ने सिविल सर्जन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका व्यवहार बिल्कुल भी व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने सरकार से सिविल सर्जन के कार्यों की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार से मांग की गई कि राज्य स्तर पर कमेटी गठित कर सिविल सर्जन के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही डॉक्टरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सिविल सर्जन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो आगे आंदोलन और कार्रवाई की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में डॉ. धीरेन्द्र कुमार, डॉ. नायडू कुमारी, डॉ. गंगेश गुंजन, डॉ. बीएन भारती समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।










