रांची - राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच शहर के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गयी। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गयी है। घटना के बाद कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल कर रंगदारी मांगी गयी। भेजे गये मैसेज में पहले "जोहार टिनू भाटिया जी" लिखकर संबोधित किया गया और फिर एक करोड़ रुपये की मांग रखी गयी। मैसेज में यह भी कहा गया कि उनके परिवार की पूरी रेकी कर ली गयी है और एक इशारे पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट जैसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद रांची पुलिस सक्रिय हो गयी। पुलिस अधिकारी पीपी कंपाउंड स्थित टिनू भाटिया के आवास पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस प्रिंस खान गिरोह से जुड़े पुराने मामलों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। बताते चलें कि प्रिंस खान के नाम पर इससे पहले भी रांची के कई कारोबारियों से रंगदारी मांगी जा चुकी है।










