(मृत्युंजय कुमार, संवाददाता, बिहटा, पटना)
पटना - पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के अदला शिव मंदिर के समीप रविवार देर रात स्मैक पीने के दौरान हुए विवाद में गोलीबारी हो गई। घटना में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की पहचान अदला निवासी गोलू कुमार और नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अदला शिव मंदिर के पास कुछ युवक स्मैक का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में गोलू कुमार और नीतीश कुमार का चकजान गांव निवासी भुअर नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि भुअर ने पिस्टल निकालकर दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों युवक मौके पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए बिहटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना में एक युवक के पेट में तथा दूसरे के बांह में गोली लगी है।
वहीं गोलीबारी की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और नशे के कारोबार से जुड़े विवाद की बात सामने आ रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।








