(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा बिजली व्यवस्था को लेकर उठाए गए कड़े कदमों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। लंबित पड़ी योजनाएं फिर से गति पकड़ रही हैं। इसी बीच चास ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कालापत्थर में नए पावर सब स्टेशन और टीआरडब्ल्यू के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। भूमि पूजन के साथ ही कालापत्थर में जमीन समतलीकरण का काम शुरू हो गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अगले 6 महीने के भीतर परियोजना पूरी कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद चास शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारू व बेहतर होने की उम्मीद है।
इस मौके पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता एस बी तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लंबे समय से लंबित थी, लेकिन अब जिला प्रशासन के सहयोग से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि चास ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस योजना को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। जिला उपायुक्त के निर्देश पर निर्माण प्रक्रिया को गति दी गई है।
फिलहाल कालापत्थर में शुरू हुआ यह निर्माण कार्य चास क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाली परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।









