(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं के बीच अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिले के साहूगढ़ भगवानपुर टोला में विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति सचेत किया। इस दौरान अग्निशमन कर्मियों ने गांव-गांव जाकर पम्पलेट वितरित किए और किसानों को बताया कि फसल कटाई के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी भारी नुकसान का कारण बन सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि फसल कटने तक बोरिंग पर पंपिंग सेट चालू अवस्था में रखें, ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत पानी उपलब्ध हो सके।
विभाग ने खेतों में पराली नहीं जलाने, बिजली उपकरणों का सावधानी से उपयोग करने और खेतों के आसपास बीड़ी-सिगरेट जैसी ज्वलनशील गतिविधियों से बचने की अपील की है। इस अभियान में अग्निशमन विभाग के विक्की रंजन कुमार, ऋषिमुनि कुमार, मुकेश कुमार गुप्ता और बिंदु कुमारी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि किसानों की सतर्कता ही आगजनी की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।










