रांची – झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शुक्रवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। जब मंत्री अपनी सरकारी गाड़ी के बजाय निजी वाहन में यात्रा करते नजर आए, जबकि उनकी सरकारी गाड़ी में उनका स्टॉफ सफर कर रहा था। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाओं और अटकलों का बाजार गर्म हो गया था।
इस बढ़ती अटकलों पर स्वयं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने संज्ञान लिया और स्थिति को स्पष्ट किया। मंत्री ने मीडिया के माध्यम से इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सरकारी वाहन छोड़ने की खबरें पूरी तरह से आधारहीन और अफवाह है। मैंने किसी भी सरकारी सुविधा का परित्याग नहीं किया है। लोग इन बातों पर ध्यान न दें। फिलहाल मंत्रीजी के बयान के बाद इन अटकलों का दौर थमता नजर आ रहा है।








