(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में एक मैनेजमेंट ट्रेनी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सेक्टर-3 स्थित ट्रेनी हॉस्टल को अस्थायी रूप से 'नो-एंट्री जोन' घोषित करते हुए बाहरी व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। हॉस्टल के मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं, ताकि ट्रेनी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मामले में मैनेजमेंट ट्रेनी मनीष कुमार ने सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया है कि ठेकेदार धर्मवीर और अरविंद ठाकुर ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर बीएसएल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के महासचिव अजय कुमार पांडे ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ इस तरह की गुंडागर्दी स्वीकार्य नहीं है।







