रांची – राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटकल टोली स्थित राइस मिल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला सिपाही रंजिता एक्का की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रंजिता एक्का झारखंड हाईकोर्ट में तैनात थीं और ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रातू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।











