(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय रामपुर खोड़ा में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुमारी आशा यादव के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। पूरा वातावरण भावनात्मक होने के साथ-साथ सम्मान और गौरव से ओत-प्रोत रहा। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सागर कुमार चौधरी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कुमारी आशा यादव के लंबे शैक्षणिक योगदान, अनुशासित कार्यशैली तथा विद्यार्थियों के प्रति उनकी समर्पित भावना की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
समारोह में प्रभारी प्रधानाध्यापक ललन कुमार दीनबंधु, शिक्षक - भवेश कुमार, अरुण कुमार सिंह, दिनेश कुमार भारती, परमानंद मेहता, ओमप्रकाश कुमार, अभिषेक कुमार, शिक्षिकाएं - शबनम कुमारी, मीरा कुमारी, शोभा कुमारी, अनीता कुमारी एवं निधि कुमारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।








