(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - राजधानी रांची में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। नगड़ी, रातु और धुर्वा थाना क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक कार और दो पिकअप वैन को जब्त किया। जब्त वाहनों की तलाशी लेने पर करीब 1000 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से खपाने की तैयारी की जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। वहीं इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।









