दुमका - झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अपराधियों ने स्पीड पोस्ट के जरिए एक धमकी भरी चिट्ठी जिला प्रशासन को भेजी है, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई है।
पुलिस कप्तान पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि जिला जज को स्पीड पोस्ट के माध्यम से व्यवहार न्यायालय को बम से उडाने की धमकी मिली थी। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने सिविल कोर्ट परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्पीड पोस्ट से मिली धमकी की जांच में जुटे हैं। जांच मे डॉग स्कॉड की भी मदद ली जा रही है।








