हजारीबाग - जहां एक ओर ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव, रूम हीटर व रजाइयों का सहारा ले रहे हैं। वहीं समाज में ऐसे भी कई लोग हैं, जिनके पास ठंड से बचने का कोई उपाय नहीं हैं। ऐसे लोगों की मदद करने के लिए हजारीबाग यूथ विंग सामने आया है। यूथ विंग ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लगातार जरूरतमंदों के बीच राहत पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इसी क्रम में हजारीबाग यूथ विंग ने शीतकालीन राहत अभियान के तहत कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत जनवरी माह के पहले रविवार को विंग ने वार्ड संख्या 27 स्थित खजांची तालाब के समीप जरूरतमंद, असहाय एवं वृद्धजनों के बीच 100 कंबलों का वितरण किया। स्थानीय नागरिकों ने यूथ विंग की इस पहल की सराहना की। बताया गया कि हजारीबाग यूथ विंग द्वारा चलाए जा रहे शीतकालीन राहत अभियान के तहत अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 700 कंबलों का वितरण किए जा चुके हैं।









