(आशीष प्रसाद, संवाददाता, रांची)
रांची - झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 14 वीं संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के परिणाम में सामने आई कथित अनियमितता और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद देवेन्द्र नाथ महतो ने मीडिया को संबोधित करते हुए छात्रों की मांगों एवं आगे की आंदोलन की रणनीति से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि जेपीएससी राज्य की सबसे बड़ी बहाली संस्था है, अगर यह संस्था ही युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने लगे तो इस पर सवाल उठना लाज़मी है। साथ ही कहा कि राज्यपाल ने छात्रों की व्यथा पर हमारी मांगों पर गंभीरता पूर्वक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








