(बिजय सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो में कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक माहौल को लेकर बीजेपी ने पुलिस प्रशासन और झारखंड सरकार पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चिराचास थाना क्षेत्र में हुए मारपीट मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
सुरेंद्र राज ने कहा कि एक मई को नंदूआस्थान स्थित जिम सेंटर में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष हर्ष पांडेय ने चिराचास थाना में मामला दर्ज कराया। जिसमें महताब अंसारी, आरिफ अंसारी समेत कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया। आरोप है कि नौ दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हर्ष पांडेय और एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उन्होनें मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे जिले का माहौल तनावपूर्ण हुआ है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता है तो बीजेपी आंदोलन करने को बाध्य होगी।









