आईपीएल 2026 से पहले एमएस धोनी को लेकर चल रही अटकलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साफ कहा है कि धोनी इस बार भी आईपीएल का पूरा सीजन खेलेंगे। हालांकि मैदान पर उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला टीम के कोचिंग स्टाफ करेंगे। सीईओ के अनुसार, यह पूरी तरह क्रिकेट से जुड़ा फैसला है, इसलिए प्रशासनिक टीम इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी। फिलहाल धोनी चेन्नई में टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं और नए सीजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
गौरतलब हो कि 44 साल की उम्र में भी धोनी की फिटनेस और अनुभव टीम के लिए बड़ी ताकत मानी जा रही है। पिछले दो सीजन में भी उन्होंने टीम के लिए अहम भूमिका निभाई थी, जबकि उस समय वे घुटने की चोट से भी जूझ रहे थे। हालांकि पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा, टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। ऐसे में टीम इस बार दमदार वापसी की उम्मीद कर रही है।











