(चंदन वर्मा, संवाददाता)
धनबाद - झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित देबूडीह चेकपोस्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बंगाल पुलिस और चुनाव आयोग की टीम ने धनबाद जिले में पदस्थापित एक इंस्पेक्टर (थाना प्रभारी) की गाड़ी से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ाई गई सख्ती के बीच हुई इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में असहजता पैदा कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और निगरानी कड़ी कर दी गई है। देबूडीह चेकपोस्ट पर तैनात बंगाल पुलिस और निर्वाचन अधिकारियों की टीम हर संदिग्ध वाहन की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान जीटी रोड किनारे स्थित धनबाद के एक अहम थाने के प्रभारी की निजी गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए। चूंकि चुनाव आचार संहिता लागू है, इसलिए भारी मात्रा में नकदी ले जाने पर सख्त पाबंदी है। ऐसे में अधिकारियों ने तुरंत रकम को जब्त कर लिया। बरामदगी के बाद संबंधित इंस्पेक्टर को हिरासत में लेकर करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि अधिकारी इस रकम के संबंध में कोई ठोस दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर पाए।











