रांची - मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर लोवाडीह, नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए स्व० दुर्गा सोरेन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व० दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति आज हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर स्व० दुर्गा सोरेन जी को याद करते हैं। स्व० दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे। उनका जीवन जन कल्याण के प्रति समर्पित रहा, उनके विचार एवं आदर्श सदैव हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे। वहीं मौके पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के योगदान को स्मरण किया।










