(चंदन वर्मा, संवाददाता, रांची)
रांची - जमशेदपुर पुलिस के समक्ष हुई हत्या की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस घटना के विरोध में 2 जुलाई की शाम को जमशेदपुर में मसाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं इसके अगले दिन 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में सरकार और पुलिस प्रशासन यदि ठोस कदम नहीं उठाती है तो आने वाले दिनों में झारखंड बंद का भी आह्वान किया जा सकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जमशेदपुर की घटना के मामले में अविलंब फास्ट्रैक कोर्ट के माध्यम से अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों पर भी मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाना चाहिए। अपराधियों का मनोबल इतना अधिक बढ़ गया है कि पुलिस पदाधिकारी के समक्ष पुलिस मोबाइल वैन से खींचकर जान से मारने की घटना को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि जमशेदपुर की घटना में पीड़ित परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा मिलना चाहिए।








