(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मुरलीगंज में आज सुबह दिनदहाड़े एक किसान से हथियार के बल पर लूट की कोशिश की गई। विरोध करने पर बदमाशों ने किसान के चेहरे पर कट्टे के बट से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामला सहरसा–पूर्णिया एनएच-107 से काशीपुर बायपास होकर कुमारखंड चंडी स्थान जाने वाली सड़क का है। जहां केवटगामा निवासी किसान उपेंद्र दास अपनी गाड़ी से अनाज तौलने वाले कांटा की मरम्मत कराने मुरलीगंज जा रहे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और रास्ता रोक दिया। पीड़ित किसान के अमुसार दोनों बदमाशों ने देसी कट्टा दिखाकर पैसों की मांग की। जब उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही, तो एक बदमाश ने कट्टे के बट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से किसान घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी कुमारखंड की दिशा में फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










