(चंदन सिंह, संवाददाता, बोकारो)
बोकारो - बोकारो के सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में 18 से 27 अगस्त तक दूसरी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के 900 से अधिक पुरुष एवं महिला तीरंदाज हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।
झारखंड तीरंदाजी संघ के नेतृत्व में बोकारो जिला तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी रिकर्व और कंपाउंड श्रेणी में मुकाबला करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास भी बोकारो पहुंचे हैं। दोनों ने कुमार मंगलम स्टेडियम में अभ्यास किया और युवा तीरंदाजों का उत्साह बढ़ाया। दीपिका कुमारी ने खिलाड़ियों से लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर नियमित अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी में सफलता एक दिन की मेहनत से नहीं मिलती। इसके लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है।
मौके पर झारखंड तीरंदाजी संघ, बोकारो जिला तीरंदाजी संघ तथा खेल एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से बोकारो में तीरंदाजी को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को देश के दिग्गज तीरंदाजों से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर भी मिलेगा।








