(धीरज कुमार, संवाददाता, बक्सर)
बक्सर - बक्सर रेलवे स्टेशन पर एक छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी। लेकिन मौके पर मौजूद एक अनजान यात्री की सूझबूझ और बहादुरी ने एक व्यक्ति की जिंदगी बचा ली। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिला निवासी 53 वर्षीय कामेश्वर पासवान पटना-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 03293 पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। वे स्लीपर कोच में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी ट्रेन चल पड़ी। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच खतरनाक गैप में गिर गए। ऐसे में वहां मौजूद एक अज्ञात यात्री ने बिना देर किए उनका हाथ पकड़ लिया। उसने पूरी ताकत से कामेश्वर पासवान को तब तक थामे रखा, जब तक पूरी ट्रेन गुजर नहीं गई। ट्रेन गुजरने के बाद आसपास मौजूद अन्य यात्रियों ने मिलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।










