(अशोक ठाकुर, संवाददाता, दरभंगा)
दरभंगा - जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में मजदूरी के बकाया पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद, अब जातीय टकराव का रूप ले चुका है। 30 जनवरी से शुरू हुए इस मामले में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर निर्माण के बकाया की मांग को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव और झड़प की स्थिति दिखाई दे रही है। अबतक इस मामले में 12 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। जिसकी पुष्टि खुद दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया है।
आरोप है कि 30 जनवरी को हेमकांत झा के बहन-बहनोई के रास्ते से गुजरने के दौरान कैलाश पासवान ने मजदूरी का बकाया लगभग 2 लाख 47 हजार रुपये की मांग की। जिसके बाद कहासुनी, धक्का-मुक्की हुई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बावजूद विवाद बढ़ता गया और बाद में पंचायत के दौरान भी तनाव बना रहा। जो 31 तारीख को पासवान और ब्राह्मण समुदाय के बीच हिंसक झड़प में बदल गया।
वहीं ब्राह्मण समुदाय के लोगों का आरोप है कि बड़ी संख्या में पासवानों के द्वारा टोला पर हमला कर दिए। जिसमें कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
दूसरी तरफ बिक्रम पासवान ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरी मांगने पर दबंगों ने हमारे घरों में घुसकर हमला कर दिया। जिसमें कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
मामले में दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पैसा के लेनदेन को लेकर ये विवाद हुआ है। घटना के बाद मामला दर्ज किया गया है। बिरौल डीएसपी और एसडीओ व अन्य पदाधिकारी के द्वारा लगातार शांति समिति की बैठक की गई है। इस मामले में जो निर्दोष होंगे, उनका नाम हटाया दिया जाएगा।









