(निशिकांत मिस्त्री, संवाददाता, जामताड़ा)
जामताड़ा - जामताड़ा थाना क्षेत्र के कटंकी गांव के समीप स्थित एसएस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 20 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। इसके बाद शव को जामताड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर उदलबनी के समीप रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मृतका की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के भंडारो गांव निवासी 20 वर्षीय सुनीता मरांडी, पति मुकेश हांसदा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुनीता को 21 अगस्त को प्रसव के लिए एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में सीजर ऑपरेशन के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उसके शरीर की एक मुख्य नस कट गई, जिसके बाद उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने सुनीता को रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।








