(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। 20 सूत्री बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना में घूसखोरी का मुद्दा गरमा गया। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लाभुकों से हर किस्त पर हजारों रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। शिकायत के बाद बीडीओ ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
दरअसल मधेपुरा सदर प्रखंड कार्यालय में आयोजित 20 सूत्री बैठक उस वक्त हंगामेदार हो गई जब प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वतखोरी का मामला उठाया गया। खोपैती पंचायत की मुखिया पिंकी देवी ने आवास सहायक नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि योजना के लाभुकों से पहली किस्त से लेकर तीसरी किस्त तक हर चरण में हजारों रुपये की मांग की जाती है। इस आरोप के बाद बैठक का माहौल गरमा गया और जनप्रतिनिधियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ अखिलेश्वर कुमार ने 24 घंटे के भीतर जांच पूरी करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
सरकार भ्रष्टाचार मुक्त योजनाओं का दावा करती है लेकिन मधेपुरा में सामने आए आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।










