(रमण कुमार, संवाददाता, मधेपुरा)
मधेपुरा - बिहार के मधेपुरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के बाद खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
मामला मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के बेलारी थाना क्षेत्र का है। जहां गंगारही वार्ड नंबर 4 में रविवार रात एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान त्रिफुल देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति सुरेश ऋषिदेव है। हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर बांसवाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया, ताकि किसी को इस वारदात की भनक तक न लगे। सोमवार सुबह जब महिला घर में नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन मामला उस वक्त पूरी तरह पलट गया। जब खुद आरोपी पति ने थाने पहुंचकर हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी इस स्वीकारोक्ति के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद किया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मधेपुरा लाइन डीएसपी रवि भूषण ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।










