(राजेश कुमार मुंडा, संवाददाता, रामगढ़)
रामगढ़ - रामगढ़ जिले के भुरकुंडा रिवर साइड केंद्रीय विद्यालय परिसर के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य शिवराज राम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवराज राम, बिहारी राम का पुत्र बताया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल अपराधी को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और पतरातू अनुमंडल पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि शिवराज राम पहले राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है और वर्तमान में प्रिंस खान गैंग के संपर्क में था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। इसी गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके दौरान मुठभेड़ हुई और आरोपी घायल हो गया।







