रांची - झारखंड सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया है। जिसपर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने इसे पूरी तरह से निराशाजनक और दिशाहीन बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट आम जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है। यह बजट वित्तीय प्रबंधन की विफलता का दस्तावेज़ प्रतीत होता है। सरकार न तो राजस्व सृजन की स्पष्ट रणनीति दे पाई और न ही विकास की ठोस दिशा दिखा सकी।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि इस बजट से युवाओं, छात्रों, बुजुर्गों, महिलाओं को काफी उम्मीद थी। लेकिन सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए कुछ नहीं किया। सरकार के पास युवा सशक्तिकरण के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। वहीं किसानों के लिए राहत या कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी कोई ठोस पहल नहीं की गई है। कुल मिला कर कहा जा सकता है कि यह बजट राज्य के भविष्य के साथ अन्याय है।











