(मो० काजीरुल शेख, संवाददाता, पाकुड़)
पाकुड़ - पाकुड़ जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक में अवैध कोयला, पत्थर और बालू खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पूर्व निर्देशों की क्रमवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतत अभियान चलाकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के चेंगाडांगा इलाके से गुजरने वाले खनिज लदे वाहनों की सघन जांच के लिए आगामी 10 फरवरी तक नया चेकनाका स्थापित करने का आदेश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, एसडीपीओ महेशपुर सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।









