(सुमन शर्मा, संवाददाता, कटिहार)
कटिहार - कटिहार जिला के फलका प्रखंड अंतर्गत सोहथा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-एक स्थित पटवर टोला कबलसिया गांव में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गयी। जिसने 14 परिवारों की जिंदगी उजाड़ कर रख दी। इस दर्दनाक अगलगी की घटना में 14 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा टोला चपेट में आ गया। ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, स्थानीय ग्रामीण एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत और लगभग ढाई घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस अगलगी की घटना में मुनेश्वर मंडल, बेचनी देवी, पप्पू कुमार मंडल, विरमा कुमारी, मसोमात श्यामा देवी, बुलबुल देवी, शिल्पा देवी, वंदना कुमारी, खुशी कुमारी, सारो देवी, जुली देवी, रंजना देवी, प्रियांशु कुमारी और खुशबू कुमारी सहित कुल 14 परिवारों के घर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।









