दुमका - दुमका जिले के बासुकीनाथ में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थान बाबा बासुकीनाथ धाम में भोलेनाथ को जलार्पण को लेकर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पूरा बासुकीनाथ धाम हर हर महादेव एवं बोल बम के जयकारे से गुंजायमान रहा।
बोल बम कांवरियों के साथ साथ भागलपुर के बरारी घाट से गंगाजल भरकर हंसडीहा के रास्ते सीधे बासुकीनाथ आने वाले भारी संख्या में डाकबम श्रद्धालु भी बासुकीनाथ पहुंच रहे हैं और भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। अंतिम सोमवारी पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले से ही पूरी तरह चौकस है। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार सहित मेला क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी है तथा ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की मदद से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में नजर रखी जा रही है। सुबह 3 बजे मंदिर का पट खुलने के साथ ही कांवरियों को पंक्तिबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है और अरघा के माध्यम से श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।
वहीं हंसडीहा के रास्ते बासुकीनाथ पहुंचने वाले डाक बम श्रद्धालुओं से टोकन प्राप्त कर जलाभिषेक के लिए उन्हें पेड़ा गली द्वार से सीधे मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है। झारखंड सहित अन्य राज्यों से बासुकीनाथ मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना कर रहे श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु सावन के पावन महीने के सोमवार को भोलेनाथ का जलाभिषेक कर काफी खुश नजर आ रहे हैं।








