आशीष प्रसाद (संवाददाता)
HAZARIBAG: हजारीबाग के चरही में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने एनएच पर खड़े कई वाहनों में टक्कर मार दी। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि दो की हालत गंभीर है।चरही एनएच स्थित ओवरब्रिज के समीप प्रकाश होटल के पास सुबह करीब छह बजे एन एच पर कई वाहन खड़े थे। इस बीच बिहार शरीफ से ईंट लादकर रांची जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन वाहनों में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रेलर में सवार दो लोगों की दबकर मौत हो गई, जबकि दो घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर संख्या बीआर 52 जी 7513 बिहार शरीफ से ईंट लेकर रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए।गनीमत थी कि अन्य वाहनों में कोई सवार नहीं था। नहीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था। लोग अपने वाहन को खड़ा कर होटल में एवं कुछ आसपास गए हुए थे।दुर्घटना की चपेट में आया ट्रक संख्या यूपी 83 बीटी 4773 प्लास्टिक दाना लोड कर पानीपत से विशाखापत्तनम जा रहा था। चालक चाय पीने के लिए प्रकाश होटल के पास वाहन खड़ा कर रुका हुआ था। इसके अलावा दो अन्य खड़े वाहन भी ट्रेलर की चपेट में आ गए।घटना की सूचना मिलते ही चरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दबे लोगों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव एवंराहत कार्य में सहयोग किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।









